यूपी के उन्नाव जिले में खुले मे शौच को लेकर बड़ा हंगामा हो गया। मारपीट के साथ-साथ हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाई गई। दरअसल जिले के मुरौवनखेड़ा गांव में एक युवक खेत में शौच कर आया। इससे नाराज खेत मालिक ने युवक से गंदगी साफ करने को कहा। इंकार करने पर उसके साथ जमकर मारपीट की गई। युवक ने बचाव में हाथापाई की तो खेत मालिक ने हवाई फायर झोंक दिया। ग्रामीणों ने उसे दौड़ाया तो वह फायरिंग करते हुए भाग निकला। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। पीड़ित के मुताबिक उसके घर में शौचालय नहीं है और न ही लाभार्थियों की सूची में उसका नाम आया है। मामला यूपी के उन्नाव जिले का है।
थानाक्षेत्र के मुरौवनखेड़ा गांव निवासी अनिल बुधवार सुबह गांव के बाहर पड़ोसी गांव परसहरा निवासी संतोष सिंह के खाली पड़े खेत में शौच कर रहा था। तभी संतोष पहुंच गया गाली गलौज करने लगा। अनिल बोला कि जब खेत में कोई फसल नहीं है तो शौच करने में आपत्ति क्यों है। इस पर उसने गंदगी साफ करने को कहा। अनिल ने इनकार किया तो संतोष मारपीट करने लगा। बचाव में उसने भी हाथापाई की तो संतोष ने तमंचा निकाल कर फायर कर दिया। गोली की आवाज सुनकर गांव वाले दौड़े तो संतोष अपनी बाइक वहीं छोड़कर दो और फायर करते हुए भाग निकला। पीड़ित ने औरास थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और गांव वालों से भी बातचीत की है। दरोगा अरविंद मिश्रा ने बताया कि आरोपी के खेत में शौच करने पर विवाद और मारपीट हुई थी। फायरिंग की बात सही नहीं है।