कानपुर के कल्याणपुर स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में 11 अक्तूबर से तीन दिवसीय फेस्टिवल पैनोरमा-2018 की धमाकेदार शुरुआत होने जा रही है। तीन दिनों तक चलने वाले फेस्टिवल में सांस्कृतिक, स्पोर्ट्स और मेगा टेक्नोलॉजी से जुड़ीं विभिन्न प्रतियोगिताएं और कार्यक्रम होंगे।
फेस्टिवल कोऑर्डिनेटर आर्यन पांडेय ने मंगलवार को स्कूल में हुई प्रेसवार्ता में बताया कि 11 से 13 अक्तूबर तक चलने वाले इस इवेंट में 75 स्कूलों के एक हजार से भी अधिक छात्र हिस्सा लेंगे। विभिन्न कार्यक्रम 50 छात्रों की टीम की देखरेख में होंगे। पैनोरमा की शुरुआत ठीक वैसे ही होगी जैसे संयुक्त राष्ट्र संघ में सदन की कार्यवाही होती है। सदन में 300 डेलीगेट (छात्र) बैठेंगे जो विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों के रूप में तैयार होकर आएंगे। सदन में अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर बहस होगी। फेस्टिवल कोऑर्डिनेटर टीम की मेघांजलि ने बताया कि दुबई, बैंकॉक, नेपाल, सिंगापुर के स्कूलों से आने वाले 45 छात्र हिस्सा लेंगे।
कार्यक्रम में स्कूल के बच्चों का रॉक बैंड विभिन्न प्रस्तुतियां देगा। डीपीएस कल्याणपुर की कक्षा 12 की छात्रा वॉयस इंडिया किड्स की फाइनलिस्ट गुंतास कौर अपने सुरों का जादू बिखेरेंगी। कोऑर्डिनेटर टीम की इशिका ने बताया कि बॉलीवुड इंडस्ट्री में डीपीएस कल्याणपुर के पूर्व छात्र असीम त्रिवेदी और रजत शर्मा काम कर रहे हैं। वह भी इवेंट में हिस्सा लेंगे।