ग्रामीणों को मास्क व सैनिटाइजर वितरित करतीं ग्राम प्रधान सीमा देवी
- फोटो : अमर उजाला
औरैया जिले में कोरोना वायरस से लड़ने की जंग में नई-नई तस्वीरें सामने आ रही हैं। बिधूना तहसील के नविमोहन ग्राम पंचायत की महिला प्रधान सीमा देवी ने गांव में कर्फ्यू लगा दिया है। गांव वासियों के साथ मिलकर प्रधान ने सभी रास्तों को सील करवा दिया है जिससे बाहर से लोग उनके गांव में न आ सकें।
ग्राम प्रधान ने ग्रामीणों की मदद से पोस्टर लगाकर बाहर से आने वाले लोगों का गांव में आना प्रतिबंधित कर दिया है। महिला ग्राम प्रधान सीमा देवी के इस कार्य की चारों तरफ जमकर सराहना हो रही है। ग्राम प्रधान ने कहा कि सभी व्यक्ति स्वस्थ व सुरक्षित रहेंगे तभी रिश्तेदारी व दोस्ती भी काम आएगी।
गांव में बाहरी व्यक्तियों का आवागमन पूरी तरह रोक दिया गया है। गांव के सभी रास्तों को बकायदा बंद कर दिया गया है। कोई भी बाहरी व्यक्ति गांव में प्रवेश न कर पाए, इसके लिए सभी मार्गों पर सार्वजनिक सूचना भी चस्पा कर दी गई है।