औरैया जिले के नारायनपुर मोहल्ले में हनुमान मंदिर पर रविवार को अधिवक्ता मंजुल चौबे व उनकी चचेरी बहन सुधा की हत्या के मामले में शुक्रवार को कृषि राज्यमंत्री लाखन सिंह ने मंजुल चौबे के घर पहुंचकर पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। साथ ही आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कराए जाने का आश्वासन दिया। उन्होंने पुलिस की मौजूदगी में हुई घटना की निंदा करते हुए कहा कि दोषी पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होगी।
इस दौरान अधिवक्ता मंजुल चौबे के पिता शिव कुमार चौबे ने कृषि राज्यमंत्री से मांग करते हुए कहा कि आरोपियों को इतनी सख्त सजा मिले, जिससे किसी और की बेटी विधवा न हो सके। इस पर कृषि राज्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार में किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं है।
प्रदेश सरकार का पीड़ित को न्याय देना ही मुख्य उद्देश्य है। कृषि राज्य मंत्री ने कहा कि पुलिस की मौजूदगी में इस तरह का दोहरा हत्याकांड होना बहुत ही निंदनीय है। इसकी जांच की जा रही है। उधर, सुरक्षा को लेकर मृतक अधिवक्ता के घर के बाहर फोर्स तैनात है।