सैफई के न्यू कैंपस में आरोपियों ने एक महिला अधिकारी के साथ बदसलूकी कर जान से मारने की धमकी दी गई। कार खड़ी करने का विरोध पर आरोपियों ने महिला अधिकारी के घर के सामने लगा नींबू का फलदार पेड़ काट दिया और उनकी स्कूटी को भी क्षतिग्रस्त करने की कोशिश की। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर छह नामजद समेत आठ लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सैफई आयुर्विज्ञान विवि न्यू कैंपस के ब्लॉक-चार में रहने वाली सीनियर नर्सिंग ऑफिसर लक्ष्मी देवी ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें बताया कि उन्होंने अपने फ्लैट की किचन की खिड़की के सामने नींबू के पौधे लगाकर स्कूटी के लिए पार्किंग बनाई थी। आरोप है कि परिसर में रहने वाले अभय नामक व्यक्ति ने वहां लगा नींबू का फलदार पेड़ काट दिया और अपनी कार वहां जबरन खड़ी कर दी। उन्होंने इसका जब विरोध किया तो आरोपी रंजिश मान गया।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी अभय अपने साथ अमित शुक्ला, वेंकट कुंवर सिंह, आशीष, ऋषभ, सुनील चौबे और दो अज्ञात साथियों को लेकर उनके आवास पर आया। इन लोगों ने पीड़िता की स्कूटी का हैंडल लॉक तोड़ने और उसे घसीटने का प्रयास किया। जब लक्ष्मी देवी ने इसका विरोध किया तो उससे अभद्रता कर दी। साथ ही जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी ने मामले को शांत कराया। पीड़िता ने अपनी जान का खतरा बताते हुए मुख्यमंत्री, कुलपति और पुलिस अधीक्षक से शिकायत की थी। सैफई थाना पुलिस ने आरोपी अभय, अमित शुक्ला, वेंकट कुंवर सिंह, आशीष, ऋषभ, सुनील चौबे और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ दंगा/बलवा, जान से मारने की धमकी समेत कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। इस मामले की जांच एसआई सुमन देवी को सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।