कानपुर देहात के माती सीएमओ कार्यालय में कार्यदायी संस्था के अधीन तैनात स्वास्थ्य कर्मी इरफात बी (25) ने शुक्रवार शाम अकबरपुर में किराये के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस को सुसाइड नोट मिला है।
मृतका शाहजहांपुर जिले के कांठ थाने के रावतपुर गांव की रहने वाली थी। अकबरपुर के कालीगंज में सानू राइन के मकान में इरफात बी किराये पर रहती थी। शुक्रवार को वह ऑफिस नहीं गई। पूरे दिन घर से बाहर नहीं निकलने पर मोहल्ले के लोगों ने मकान मालिक को बताया।
सानू राइन ने कमरे की खिड़की से झांका तो फंदे पर शव लटका देखा। कोतवाल आमोद कुमार व चौकी इंचार्ज अनुराग पांडेय ने शव को फंदे से उतारा। चौकी इंचार्ज ने बताया कि मृतका के पिता अखलाक को सूचना दी गई है। कमरे से मिले सुसाइड नोट में परिजनों से विवाद को लेकर जान देने का जिक्र है।