मानीमऊ। बेरोज़गार युवक काम की तलाश करता रहा पर काम नहीं मिल सका। गृहस्थी चलाने में उसे दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। आर्थिक तंगी के कारण युवक ने शुक्रवार को तनाव में आकर ट्यूबवेल की कोठरी में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
परिजनों के अनुसार मियांगंज निवासी मोहम्मद शारिक (40) काफी समय से बेरोजगार था। परिजनाें ने बताया कि वह पांच-छह दिन पहले दिल्ली भी गया था लेकिन काम न मिलने के कारण घर वापस आ गया। काफी समय से काम न मिलने के कारण शारिक की आर्थिक स्थिति बिगड़ने लगी और वह गुमसुम रहने लगा था। अधिक तनाव में आकर युवक ने खेत में बने ट्यूबवेल की कोठरी में जाकर फंदा लगा लिया। खेतों पर मक्का ढो रहे लोगों ने परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन ट्यूबवेल पहुंच गए और सारिक को नीचे उतारा तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। परिजन शव लेकर घर आ गए। सारिक की पत्नी, दो बेटी और एक बेटा है। कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी है।