छह महीने तक संभालेंगी जिम्मेदारी
माई सिटी रिपोर्टर
कानपुर। जिला पंचायत अध्यक्ष और सभी जिला पंचायत सदस्यों का कार्यकाल समाप्त होने के साथ ही शासन ने जिला पंचायत के प्रशासनिक संचालन की व्यवस्था भी कर दी। शासन ने जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण को जिला पंचायत का प्रशासक नियुक्त किया है। उनका कार्यकाल अगले छह माह या नई जिला पंचायत के गठन तक रहेगा।
प्रशासक के रूप में स्वप्निल वरुण जिला पंचायत के नियमित प्रशासनिक और विकास कार्यों का संचालन करेंगी, ताकि चल रही योजनाएं और विकास कार्य प्रभावित न हों। हालांकि, इस दौरान नए कार्यों का निर्णय लेने का अधिकार नहीं होगा। यदि किसी विशेष परिस्थिति में नीतिगत निर्णय की आवश्यकता होगी तो संबंधित प्रस्ताव जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को भेजा जाएगा। शासन की मंजूरी मिलने के बाद ही ऐसे मामलों में आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्वप्निल वरुण ने बताया कि शासन का आदेश प्राप्त हो गया है। अब वह प्रशासक के रूप में जिला पंचायत का कार्यभार संभालेंगी। वहीं, जिला पंचायत अध्यक्ष और सभी निर्वाचित सदस्यों का कार्यकाल औपचारिक रूप से समाप्त हो गया है।