फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: साइकिल की चाबी न मिलने पर गुस्साए पिता ने आठ वर्षीय बेटी पर फेंका गर्म दूध, बच्ची झुलसी

Wed, 17 Feb 2021 03:31 PM IST
शिखा पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कन्नौज
विज्ञापन
झुलसी बच्ची - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
उत्तर प्रदेश में कन्नौज जिले के गुरसहायगंज में इलाके के रसूलपुर गांव में पत्नी की गैर मौजूदगी में किसान ने आठ वर्षीय बेटी पर उबलता दूध फेंक दिया। इससे वह झुलस गई। दादी ने सीएचसी में भर्ती कराया है।
विज्ञापन


चिकित्सकों ने मेडिकल कालेज तिर्वा रेफर कर दिया। बच्ची की दादी ने कोतवाली में बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। कोतवाली इलाके के ग्राम रसूलपुर निवासी किसान जितेंद्र की छह बेटियां हैं।

गलत आदतों के कारण कुछ दिन पहले पत्नी सरिता चार बेटियों को लेकर अपनी बहन के घर चली गईं। बड़ी और छोटी बेटी घर में दादी ज्ञानवती के साथ रह रही थीं। बुधवार सुबह करीब 10 बजे जितेंद्र घर पहुंचा। वह मां से साइकिल की चाबी मांगने लगा।
विज्ञापन


मां के जानकारी न होने की बाबत कहने पर वह गाली-गलौज कर चाबी तलाशने लगा। चाबी न मिलने से गुस्साए जितेंद्र ने चूल्हे पर गर्म हो रहे दूध का भगौना उठाकर आठ वर्षीय बेटी दिव्या उर्फ विद्या पर फेंक दिया। झुलसने से वह चीखने लगी।
विज्ञापन

11 वर्षीय बेटी दीक्षा ने बताया कि गुस्से में पापा ने गर्म दूध फेंककर बहन को जला दिया। प्रधान राम लखन ने एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे स्वास्थ्यकर्मी दिव्या को दादी के साथ सीएचसी ले आए। यहां से तिर्वा मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।

वहीं ज्ञानवती ने जितेंद्र के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटना की जानकारी पर सरिता बच्चों के साथ घर आ गईं। सरिता ने बताया कि पति नशे का आदी है।

अक्सर शराब पीकर आता है। वह किसी तरह मेहनत-मजदूरी कर छह बेटियों को पाल रही हैं। एएसपी विनोद कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें