कन्नौज जिले के तिर्वा में संपूर्ण समाधान दिवस में हिस्ट्रीशीटर की पत्नी ने आत्मदाह के लिए खुद पर पेट्रोल डाल लिया। करीब खड़े सीओ ने बोतल छीननी चाही तो महिला ने उन पर भी पेट्रोल उड़ेल दिया। महिला सिपाहियों ने समय रहते दबोचकर हालात काबू में किए।
अधिकारियों ने पूछताछ के बाद बताया कि महिला का पति हिस्ट्रीशीटर है। सरकारी जमीन पर परिवार कब्जा करना चाहता है। कार्रवाई से बचने और दबाव बनाने के लिए महिला ने यह कदम उठाया है। मंगलवार को वसंत पंचमी की छुट्टी के चलते बुधवार को तिर्वा तहसील में डीएम राकेश कुमार मिश्र और एसपी प्रशांत वर्मा संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायतें सुन रहे थे।
इस दौरान छिबरामऊ कोतवाली के भारापुर गांव निवासी निर्मला पत्नी अजीत उर्फ टिंकू ने डीएम को प्रार्थना पत्र दिया। इसमें छिबरामऊ कोतवाल और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए पति पर झूठे मुकदमे दर्ज करने की बात कही गई।
डीएम ने एसपी को प्रार्थना पत्र दिखाया। साथ ही सीओ दीपक दुबे को जांच के आदेश दिए। पूछताछ के लिए सीओ महिला को सभागार के बाहर लाए। तभी वह झोले से बोतल निकालकर पेट्रोल अपने ऊपर उड़ेलने लगी। सीओ ने बोतल छीननी चाही।
इस पर निर्मला ने सीओ पर भी पेट्रोल उडे़ल दिया। इससे अफरा-तफरी मच गई। अधिकारी मौके पर आ गए। महिला सिपाहियों ने निर्मला से बोतल छीनकर हिरासत में ले लिया। डीएम व एसपी ने पूछताछ की। छिबरामऊ पुलिस से भी पूछा गया।
इसके बाद एसपी प्रशांत वर्मा ने बताया कि महिला ने पुलिस पर दबाव बनाने के लिए आत्मदाह का प्रयास किया। निर्मला का पति अजीत हिस्ट्रीशीटर है। उस पर चोरी, लूट, हत्या के प्रयास जैसे 12 मुकदमे दर्ज हैं।
निर्मला और अजीत ग्राम समाज की भूमि पर कब्जा करना चाहते हैं। पुलिस रोक रही है। पुलिस पर दबाव बनाने के लिए आत्मदाह का प्रयास किया है। महिला और उसे ऐसा करने की सलाह देने वाले लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी।
निर्मला ने कोतवाल पर ये लगाए आरोप
निर्मला देवी ने छिबरामऊ कोतवाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बताया कि कोतवाल सिपाहियों को घर भेज कर रात में कोतवाली बुलाने का प्रयास करते हैं। इसके साथ ही पति पर झूठे मुकदमे दर्ज करने में पुलिस अव्वल है। पुलिस पैसों की मांग भी करती है।
मोबाइल के जरिए सलाह देने वालों की तलाश
पुलिस को निर्मला के कब्जे से मोबाइल मिला है। इस पर आईं और गईं कॉल की पुलिस पड़ताल कर रही है। पुलिस का मानना है कि निर्मला देवी को कुछ लोगों ने ऐसा करने की सलाह दी होगी। डीएम राकेश कुमार मिश्र ने बताया कि महिला को जिस-जिस ने दबाव बनाने के लिए समझाया, कॉल डिटेल निकलवाकर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सरकारी जमीन पर कब्जा करने की इजाजत किसी को नहीं है।
आखिर कहां से और कैसे मिला पेट्रोल
बोतल में पेट्रोल देने पर प्रतिबंध है। ऐसे में निर्मला देवी को कहां से पेट्रोल मिला, इसको लेकर भी पुलिस पूछताछ कर रही है। डीएम ने बताया कि अगर महिला ने किसी पेट्रोल पंप से बोतल में पेट्रोल खरीदा है तो लाइसेंस निरस्त कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।