हरदोई में संडीला कोतवाली क्षेत्र के मगरा अटसलिया गांव में सोमवार रात संपत्ति के विवाद में पिता के कहने पर बड़े भाई ने लाइसेंसी रिवाल्वर से तीन गोलियां मारकर छोटे भाई की हत्या कर दी। मृतक की पत्नी की तहरीर पर आरोपी ससुर और जेठ के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
कोतवाली क्षेत्र के मगरा अटसलिया निवासी पूर्व प्रधान उदयप्रताप सिंह के दो पुत्रों आलोक सिंह उर्फ चंदन और शिवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ वंदन (30) के बीच पुश्तैनी संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार रात पूर्व प्रधान उदयप्रताप सिंह बड़े पुत्र आलोक सिंह के साथ शराब के नशे में घर पहुंचे।
इसी दौरान वहां मौजूद शिवेंद्र के साथ आलोक ने संपत्ति के बारे में बात की तो विवाद बढ़ गया। उदयप्रताप ने गुस्से में बड़े पुत्र से शिवेंद्र को गोली मारने को कहा। इस पर आलोक ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से शिवेंद्र को तीन गोलियां मार दीं। सीने पर गोली लगने से शिवेंद्र वहीं गिर गया।
गोलियों की आवाज सुनकर शिवेंद्र की पत्नी नीशू दौड़ते हुए बाहर आई और शोर मचाया। इस दौरान आलोक पिता उदय के साथ भाग गया। पड़ोसियों की मदद से नीशू पति शिवेंद्र को लेकर संडीला के प्राइवेट अस्पताल पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि नीशू की तहरीर पर उदय प्रताप और भाई आलोक सिंह के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।