कन्नौज जिले में दूसरी शादी कर बुढ़ापा सुकून से काटने की उम्मीद लगाए एक बुजुर्ग से दुल्हन लाखों रुपये ठगकर चंपत हो गई। चार माह पहले इस 60 वर्षीय बुजुर्ग ने हिन्दू रीति रिवाज से शादी की थी।
दुल्हन विदा कराकर वह घर भी ले आये, लेकिन फिर रात अचानक मां का एक्सीडेंट हो जाने की बात कहकर दुल्हन जेवर व नगदी लेकर फरार हो गई। जब कोई रास्ता न दिखा तो शादी करने वाले बुजुर्ग ने पुलिस से मदद मांगी है।
शादी के नाम पर ठगी का शिकार होने वाले 60 वर्षीय बुजुर्ग कन्नौज के गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के समधन काकर गढ़िया के राजेन्द्र हैं। 4 बेटियों के पिता राजेन्द्र की पत्नी का 6 साल पहले निधन हो गया था।