नदी से शव निकालता मछुआरा, पुलिस की हिरासत में खुशी का पिता सतेंद्र
- फोटो : अमर उजाला
यूपी में जालौन जिले के रामपुरा क्षेत्र में दोस्तों से बात करना पिता को इस कदर नागवार गुजरा कि उसने बेटी की हत्या कर दी। लापता युवती का शव रामपुरा थाना क्षेत्र के जगम्मनपुर की यमुना नदी में मिला है।
रेढर थाना क्षेत्र के ग्राम मानपुरा निवासी खुशी (20) पुत्री सतेंद्र सिंह करीब दो सप्ताह पहले अपनी दीदी की ससुराल इसी थाना क्षेत्र के ग्राम सुलखना आई थी। तीन दिन बाद खुशी के दो दोस्त बाइक से उससे मिलने सुलखना पहुंचे थे। खुशी को युवकों से बात करते देखना कुछ ग्रामीणों को नागवार गुजरा और उन लोगों ने युवकों को पीट दिया था। किसी तरह युवक वहां से भाग निकले।
इस बीच घटना का खुशी के परिजनों को भी पता चल गया। इसी दिन शाम को खुशी भी संदिग्ध हालात में लापता हो गई थी। परिजनों ने उसके लापता होने की तहरीर नहीं दी। कई दिन बीतने के बाद जब गांव में चर्चा होने लगी तो कुछ लोगों ने थाने पहुंचे और पुलिस को युवकों के साथ हुई मारपीट की घटना की जानकारी दी। पुलिस ने खुशी के पिता सतेंद्र व जीजा उपेंद्र उर्फ सोम पुत्र रामअवतार को थाने बुलाकर पूछताछ की।