कानपुर के कल्याणपुर में पिता और भाइयों की पिटाई से घायल युवक की मंगलवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। वहीं मृतक की पत्नी ने पति के पिता व दो भाइयों पर गैर इरादतन हत्या की एफआईआर दर्ज कराई है।
पुलिस एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। कल्याणपुर के अकबरपुर बैरी निवासी अरविंद कुमार(35) ठेकेदारी करता था। उनकी पत्नी शालिनी ने बताया कि संपत्ति को लेकर अरविंद का अपने पिता बालचंद्र व भाई धर्मेंद्र व ऋषभ से विवाद चल रहा था। शनिवार को उसी बात को लेकर झगड़ा हुआ।
आरोप है कि पिता व दोनों भाइयों ने लाठी-डंडों से अरविंद को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। रात भर वह घर पर पड़ा रहा। रविवार सुबह उसे पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने बताया कि पिटाई से अरविंद की आंतें फट गई थीं, इस वजह से उसकी मौत हुई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक अंदरूनी ब्लीडिंग से अरविंद की मौत हुई। सीओ कल्याणपुर अजय कुमार ने बताया कि मामले में शालिनी की तहरीर पर बालचंद्र, धर्मेंद्र व ऋषभ पर गैर इरादतन हत्या की धारा में रिपोर्ट लिखी गई है। बालचंद्र को हिरासत में ले लिया गया। अन्य दोनों आरोपी सगे भाइयों की तलाश की जा रही है। जल्द सभी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।