जायदाद के लालच में युवक ने पिता और सौतेले भाई को जिंदा फूंकने की कोशिश की। घटना बांदा के तिंदवारी थाना क्षेत्र के भिड़ौरा गांव की है। शुक्रवार सुबह रामखिलावन (60) पुत्र रामआसरे की दूसरी पत्नी का पुत्र विश्वनाथ प्रताप हंगामा कर रहा था। घर में उस समय उसके मामा आदि भी आए हुए थे। इस पर पिता रामखिलावन और उसके छोटा पुत्र उदय प्रताप (18) ने रोकने की कोशिश की।
रामखिलावन ने बताया कि इस पर विश्वनाथ मग में पेट्रोल भरकर ले आया और पिता व सौतेले भाई के ऊपर डालकर लाइटर से दोनों को आग लगा दी। पेट्रोल की आग तेजी से भड़क गई। पिता-पुत्र आग का गोला बन गए। परिजनों और पड़ोसियों ने उनकी आग बुझाई और यूपी-100 को सूचना देकर दोनों को तत्काल जिला अस्पताल लेकर आए। उधर, विश्वनाथ फरार हो गया।
अस्पताल में भर्ती रामखिलावन ने बताया कि उसकी मंशा पूरे परिवार को जिंदा जला देने की थी। पिता ने यह भी बताया कि जमीन-जायदाद के लालच में विश्वनाथ ने यह घटना अंजाम दी। इसके पूर्व भी कई बार सौतेली मां पूनम पर हमला कर चुका है। उधर, दूसरे भाई शिवप्रताप ने बताया कि विश्वनाथ को सौतेली मां और ननिहाल के लोग पसंद नहीं हैं। शुक्रवार को मामा धर्मेंद्र जबलपुर से आए हुए थे। तभी उसने हंगामा शुरू कर दिया। उधर, तिंदवारी थाना इंस्पेक्टर प्रतिमा सिंह ने शुक्रवार को शाम बताया कि अभी तहरीर न मिलने पर रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।
पांच दिन पहले ही ले आया था पेट्रोल
पिता और भाई को फूंकने के लिए विश्वनाथ ने शायद हफ्तेभर पहले ही योजना तैयार कर ली थी। पांच लीटर पेट्रोल लाकर रख लिया था। पिता रामखिलावन ने बताया कि पांच दिन पूर्व उसने पत्नी को लेने जाने की बात कहकर बाइक मांगी थी। तभी पेट्रोल लाकर घर में रख लिया था। दो दिन पूर्व पत्नी नंदनी फिर मायके चली गई। विश्वनाथ परदेस में मजदूरी करता है। बंटवारे में उसे 6 बीघा खेत आदि मिला है। लेकिन उसकी नीयत पूरी जायदाद पर है।