हरदोई जिले में अतरौली थाना क्षेत्र के गांव गड़रियाखेड़ा निवासी डेंगू पीड़ित युवक की गुरुवार की रात लखनऊ में निजी अस्पताल में मौत हो गई। अस्पताल में बेटे का शव देखकर पिता की भी हार्टअटैक से मौत हो गई।
गड़रियाखेड़ा निवासी परमेश्वर (50) किसान थे। उसके परिवार में पांच पुत्रों में सबसे छोटा अमित (18) कुछ दिन से बुखार पीड़ित था। परिजनों ने उसे लखनऊ के मलिहाबाद स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया था।
तीन दिन पहले अमित के डेंगू से पीड़ित होने की पुष्टि हुई थी। गुरुवार देर रात एक बजे अमित की अस्पताल में मौत हो गई। इसकी जानकारी पर पिता परमेश्वर अस्पताल पहुंचे। वहां बेटे का शव देख परमेश्वर की हालत बिगड़ गई और हार्टअटैक से उनकी भी मौत हो गई।
पिता-पुत्र की मौत की जानकारी से परिजनों में कोहराम मच गया। दोनों के शव शुक्रवार सुबह गड़रियाखेड़ा पहुंचे तो ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। अतरौली के प्रभारी निरीक्षक संतोष तिवारी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों से पूरी जानकारी ली। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मृतकों के नमूने लेकर कोरोना की जांच कराई। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक रिपोर्ट निगेटिव आई है। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया है।