प्रसव के बाद खून चढ़ाने के दौरान एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती महिला की हालत बिगड़ने से उसकी मौत हो गई। परिजनों ने इलाज में लापरवाही और अप्रशिक्षित स्टाफ से उपचार कराने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जांच के बाद एसीएमओ ने नर्सिंग होम को सील कर दिया।
गाजीपुर थाना क्षेत्र के मकदूमपुर गांव निवासी किसान अनूप कुमार ने बताया कि उनकी पत्नी पूनम देवी (30) को प्रसव पीड़ा होने पर मंगलवार को रानी कॉलोनी-तांबेश्वर रोड स्थित रामबहादुर पाल नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। यहां उन्होंने एक बच्ची को जन्म दिया। आरोप है कि प्रसव के बाद बुधवार को संचालक ने खून मंगवाकर चढ़ाया, जिसके बाद उनकी हालत अचानक बिगड़ गई। परिजन के अनुसार, हालत गंभीर होने पर नर्सिंग होम संचालक ने महिला को रेफर कर दिया। एंबुलेंस से दूसरे अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।