गुलाब व सुधीर यादव की फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
फतेहपुर जिले में चौडगरा में आई तेज आंंधी से पेड़ गिरने से एक किसान की मौत हो गई, जबकि अमौली कस्बे में बिजली गिरने की घटना में एक व्यक्ति की जान चली गई। दोनों ही हादसों में चार लोग घायल हो गए। चौडगरा में कल्यानपुर थाना क्षेत्र के गुनीर गांव के दलाखेड़ा निवासी भइयालाल का पुत्र सुधीर यादव (24) शनिवार शाम गेहूं का बोझ बांधने गया था। आंधी व बारिश होने पर सुधीर यादव व गांव के विमल (25), राजन (18) खेत से घर लौटने लगे।
तेज बारिश होने पर रास्ते में सरकारी नलकूप के बाहर खड़े हो गए। नलकूप के पीछे खड़ा भारी भरकम महुआ का पेड़ आंधी से धराशायी होकर नलकूप की कोठरी पर गिर गया। पेड़ गिरने से नलकूप की कोठरी जमींदोज हो गई। तीनों पेड़ की डाल व मलबे में दब गए। पेड़ की भारी डाल के नीचे सुधीर यादव की दबकर मौत हो गई। ग्रामीणों ने पेड़ की डाली काटकर सुधीर का शव बाहर निकाला। उधर, दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उनको कानपुर रेफर किया गया है।
उधर अमौली कस्बे में चांदपुर थाना क्षेत्र के दपसौरा गांव का गज्जा का डेरा निवासी रामलाल निषाद बटाई में खेत लिए हुए हैं। वह शनिवार शाम परिवार के आठ लोगों के साथ गेहूं कटाई के लिए खेत पर थे। सभी लोग करीब रात आठ बजे अलग-अलग जगह बैठकर खाना खा रहे थे। अचानक आंधी और बारिश के दौरान बिजली गिरी। रामलाल ने बताया कि बड़ा बेटे गुलाब (40) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बृजेश, ट्रैक्टर मालिक रामशंकर गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को हमीरपुर में भर्ती कराया गया। भाई उमाकांत ने बताया कि वह सात भाई हैं और भाई सूरत में कमाते हैं। चचेरे भाई रामबाबू की बेटी की शादी 14 अप्रैल को है। पांच भाई शादी में आए थे। उनके दो भाई रमाकांत और नरेंद्र नहीं आ सके। केवल सात बीघा खेत हैं। प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की राजस्व प्रशासन को जानकारी दी गई है।