फतेहपुर जिले में धाता क्षेत्र के मखौवा गांव में रविवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। गांव निवासी गया प्रसाद पाल की जर्जर मिट्टी की दीवार अचानक भरभरा कर रास्ते की गली में गिर गई। दीवार की चपेट में आने से मोहल्ले के दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और मलबा हटवाकर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
पुलिस ने बताया कि रविवार की रात करीब 10 बजे गया प्रसाद के घर के बाहर कीर्तन की तैयारी चल रही थी। मोहल्ले की महिलाएं गाने-बजाने के लिए इक्कठा थी। चार बच्चे उसी दिशा में एक दूसरे को बुला कर निकल रहे थे। तभी अचानक दीवार भरभरा कर बाहर की ओर गिर पड़ी। हादसे में अभिषेक (9) पुत्र कुंवर बहादुर पाल व बिशुन कुमार (13) पुत्र राजकुमार की दबकर मौत हो गई। वहीं, कुलदीप पाल पुत्र धर्मराज पाल और अक्षय पाल पुत्र राजा कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मोहल्ले में चीखपुकार मच गई। ग्रामीणों ने बच्चों को मलबे से बाहर निकाला। घायलों को पहले अढौली ले जाया गया, फिर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धाता और हालत चिंताजनक देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल मंझनपुर रेफर कर दिया।
परिजनों के मुताबिक अभिषेक बबुरार के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा एक का छात्र था। उसके परिवार में दो भाई हैं, जिनमें छोटा विवेक है। पिता करनाटक में प्राइवेट नौकरी करते हैं। वहीं मृतक बिशुन कुमार पाल अहमदपुर कुसुम्भा गांव के विद्यालय में कक्षा तीन में पढ़ता था। उसके पिता आंध्रप्रदेश में कुल्फी बेचकर परिवार चलाते हैं। बिशुन पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर था।
उसके भाइयों के नाम राहुल, अनुज, सिंधु, सत्यम और छोटू हैं। थानाध्यक्ष योगेश कुमार सिंह ने बताया कि बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। देर रात लेखपाल भी मौके पर पहुंचे और रिपोर्ट तैयार की। हादसे से पूरे गांव में कोहराम मच गया। त्योहार की रौनक मातम में बदल गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि मिट्टी की दीवार काफी पुरानी और कमजोर थी, जिसकी वजह से हादसा हुआ है। पुलिस ने मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी है।