सदर कोतवाली क्षेत्र के आबूनगर इलाके में मकबरे को मंदिर का दावा कर सोमवार को हिंदू संगठनों द्वारा की गई तोड़फोड़ के बाद पूरे इलाके में रातभर फोर्स गश्त करती रही। मकबरे की तोड़ी गई मजारों की आनन-फानन मरम्मत कराई गई। डीएम रवींद्र सिंह व एसपी अनूप सिंह स्वयं इसकी निगरानी करते रहे। पुलिस व प्रशासन का सख्त पहरा रहा, जिससे किसी मरम्मत कार्य की भनक तक नहीं लगी। निर्माण का काम सुबह तक पर्दा लगाकर जारी रहा।
जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी होगी
लखनऊ से एसटीएफ सीओ अपनी कमांडो टीम के साथ सोमवार रात को ही मौके पर पहुंच गए थे। मौके पर हमीरपुर, बांदा, कौशांबी समेत अन्य जिलों की फोर्स तैनात रही। मकबरे की सुरक्षा के लिए दो स्तरीय बैरिकेडिंग की गई है। लोगों को 100 मीटर दूर रहने के पुलिस ने आदेश दिए हैं। मौके पर मौजूद थरियांव सीओ वीर सिंह ने बताया कि कड़ी सुरक्षा के इंतजाम हैं। शांति व्यवस्था कायम है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
दोनों पक्षों से सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएस) की धारा-163 लागू की गई है। मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों की टीम तैनात कर दी गई है। जोनवार/सेक्टरवार मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सभी से अपील है कि अफवाहों पर ध्यान न दें। जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है, अराजकतत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। -रविंद्र सिंह, डीएम, फतेहपुर