फतेहपुर के बकेवर में सड़क हादसे में कक्षा 11 के छात्र की मौत से नाराज परिजनों ने गुरुवार सुबह करीब नौ बजे हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। चौडगरा-घाटमपुर हाईवे पर आने जाने वाहन खड़े हो गए। सूचना पर पुलिस फोर्स पहुंचा। ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया। ग्रामीणों ने पुलिस पर दुर्घटना करने वाले बाइक सवार को छोड़ देने का आरोप लगाया।
अधिकारियों की बुलाने और मुआवजे की मांग की। बकेवर थाना क्षेत्र के बेंता कंजरनडेरा निवासी स्व.छंगा प्रसाद का बेटा शिवम प्रजापति (16) मुसाफा गांव से 29 अगस्त की शाम कोचिंग पढ़कर घर लौट रहा था। थानांतर्गत ईसेपुर गांव के पास तेज रफ्तार बाइक सवार ने छात्र की साइकिल टक्कर मार दी। छात्र की हालत नाजुक देखकर सीएचसी से डाक्टर ने कानपुर हैलट रेफर किया था।
कानपुर हैलट में बुधवार को छात्र की मौत हो गई। हादसे से परिजनों में कोहराम मच गया। देर रात गांव शव पहुंचा। इधर, पुलिस ने बाइक चालक को छोड़ दिया। इससे नाराज परिजन गुरुवार सुबह नौ बजे शकूरा चौराहे पहुंचे। यहां शव रखकर जाम लगा दिया। जाम का विरोध करने पर ग्रामीणों और वाहन चालकों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई। सूचना पर बकेवर, जहानाबाद पुलिस पहुंची।
ग्रामीणों ने मुआवजे, अधिकारियों को बुलाने की मांग की। इसके अलावा पोस्टमार्टम रिपोर्ट की मांग की और तत्काल मुकदमे को तरमीम कर आरोपी बाइक चालक को जेल भेजने की मांग रखी। पुलिस पर आरोप लगाया कि घटना के बाद रिपोर्ट दर्ज कराई थी उसके बाद भी पुलिस ने आरोपी को छोड़ दिया। हाईवे पर यातायात बाधित हो गया। दोनों ओर करीब तीन-तीन किलोमीटर जाम लगा।
बकेवर थाने के सीमावर्ती थाने कल्यानपुर थाने के पहुर तक ओर दूसरी सीमा क्षेत्र के जहानाबाद थाने के कस्बे तक जाम लगा। ट्रक, बस और छोटे वाहनों की कतारें लग गई। बकेवर थानेदार एके गौतम ने कानपुर से पोस्टमार्टम रिपोर्ट मंगवाने के बाद एफआईआर तरमीम करने, आरोपी को पकड़ने, मुआवजे की कार्रवाई का आश्वासन दिया। करीब एक घंटे बाद पुलिस परिजनों को शांत करा सकी।
पुलिस की मौजूदगी में शव अंतिम संस्कार को भेजा गया। यातायात बहाल होने के करीब आधे घंटे तक हाईवे पर वाहन रेंगते रहे। थानेदार एके गौतम ने बताया कि अचानक परिजनों ने शव रखकर जाम लगा दिया। जिससे करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित हुआ है। मामला शांत है।