फतेहपुर जिले में रुपये नहीं देने पर महिला को उसके प्रयागराज चकिया के रहने वाले रिश्तेदार युवक ने माफिया अतीक अहमद का आदमी बताकर जान से मारने धमकी दी। एसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। सदर कोतवाली क्षेत्र के अरबपुर मोहल्ला निवासी महताब की पत्नी शगुफ्ता परवीन ने शिकायत में बताया कि प्रयागराज धूमनगंज थाने के चकिया निवासी शारिक उर्फ राजा दूर का रिश्तेदार है।
वह अक्सर घर आता-जाता था। अपनी परेशानी बताकर उससे उधार रुपये ले जाता रहा। करीब तीन माह पहले रुपये देने से इंकार कर दिया। रुपये देने से मना करने पर शारिक बोला कि वह अतीक अहमद इलाहाबादी का आदमी है। हलक के अंदर पिस्टल डालकर गोली मारने की धमकी दी। महिला ने अपने वकील मो. इरशाद अली जानकारी दी। इसके बाद व्हाट्सएप पर 26 मार्च को शारिक ने बार-बार कॉल की।