हिस्ट्रीशीटर के बेटों के मकान पर चला बुलडोजर
- फोटो : अमर उजाला
फतेहपुर जिले के विजयीपुर में हिस्ट्रीशीटर मरहूम अतहर के बेटों मोहम्मद अहमद और मोहम्मद जर्रार के मकान पर गुरुवार को बुलडोजर चला। कार्रवाई के लिए एएसपी की ओर से आदेश जारी कर दिया गया था। कार्रवाई के दौरान खागा सीओ जनेश्वर मिश्रा के साथ खागा कोतवाली पुलिस, धाता, किशनपुर, सुल्तानपुर घोष, थरियांव, असोथर, महिला थाना, एक प्लाटून पीएसी और अग्निशमन विभाग की टीम तैनात रही।
खखरेरू के रहमतपुर गांव में हिस्ट्रीशीटर का मकान बना है। राजस्व टीम ने पैमाइश पर मकान तालाबी जमीन पर मिला। इस पूरे मामले की विस्तृत जांच की गई। उधर, पुलिस सूत्रों के मुताबिक कार्रवाई के पीछे अतीक अहमद से जुड़ाव माना जा रहा है। कुछ दिन पहले प्रयागराज आईजी की मौजूदगी में रहमतपुर गांव में हिस्ट्रीशीटर के मकान पर संयुक्त टीम ने छापामारी की थी।