फतेहपुर जिले में जेसीबी के बूम की टक्कर से रविवार को बाइक सवार नाती की मौत हो गई। नानी समेत दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद चालक जेसीबी छोड़कर भाग निकला। चालक को पकड़ने की मांग को लेकर हंगामा हुआ। पुलिस ने परिजनों को शांत कराकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के मलकनपुर मजरे ऐरायां सादात निवासी रोहित लाल (25) नानी धनपतिया को आयुर्वेदिक दवा दिलाने खागा कोतवाली के बरकतपुर गांव गया था। दवा दिलाने के बाद नानी और बरकतपुर निवासी मौसरे भाई रामू को लेकर घर आ रहा था। सुल्तानपुर घोष थानांतर्गत ससुर खदेरी नदी किनारे कृपालपुर के पास सामने से आ रही जेसीबी के बूम से बाइक सवार की टक्कर हो गई।
हादसे में बाइक चालक रोहित लाल की मौके पर मौत हो गई। मृतक की नानी और रामू को हरदों सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां हालत नाजुक देखकर डाॅक्टर ने जिला अस्पताल रेफर किया। चालक जेसीबी छोड़कर भाग निकला। उधर, हादसे की सूचना पर ग्रामीणों के साथ परिजन पहुंचे। ग्रामीणों ने चालक को पकड़ने की मांग की। पुलिस ने समझाकर ग्रामीणों को शांत किया। मृतक के छोटे भाई संजय ने बताया कि रोहित लाल मजदूरी करता था। कुछ दिन पहले गांव आया था। थानाध्यक्ष योगेश सिंह ने बताया कि मृतक के भाई संजय की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।