फतेहपुर जिले के बहुआ में दो दिन से लापता युवक का घर के सामने भूसे की कोठरी से रविवार को फंदे से लटका शव मिला। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। ललौली थाना क्षेत्र के मुत्तौर कस्बा निवासी मो. अनीश का पुत्र मोहम्मद आरिफ (19) दतौली बेंदा पुल के पास चिकन की दुकान चलाता था। वह घर से शुक्रवार सुबह बिना किसी को कुछ बताए निकला था।
परिवार के लोग दुकान चले जाना मान रहे थे। घर के सामने भूसे की कोठरी बनी है। कोठरी से दुर्गंध आने पर परिवार के लोग पहुंचे। जहां अंगौछे के फंदे से धन्नी से आरिफ का शव लटकता देखा। घटना देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने फंदा काटकर शव नीचे उतारा। मां रुखसाना और बहन आफरीन का हाल बेहाल हो गया। युवक अपने भाइयों मो. आसिफ और मो. सलमान में दूसरे नंबर का था। युवक के पिता ने बताया कि बेटे के आत्महत्या की कोई वजह नहीं है। प्रभारी निरीक्षक रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना की जांच की जाएगी।