मां बाप के साथ ससुराल में खड़ी सावित्री
- फोटो : अमर उजाला
फतेहपुर जिले में औंग थाना क्षेत्र के करचलपुर गांव में पति की मौत के बाद पत्नी को घर में घुसने से रोका गया है। खुले में 1 साल की मासूम को लिए बहू घर के बाहर बैठी है। ससुर कमरे और शौचालय में ताला डालकर गायब है। मंगलवार को करचलपुर गांव के कौशल पांडे की बिजली की चपेट में आकर मौत हो गई थी।
पत्नी सावित्री 1 साल की बेटी आयुषी को लेकर होली में मायके डुंडरा आ गई थी। पति की आकस्मिक मौत की खबर पर ससुराल पहुंची थी। सावित्री ने बताया कि ससुर राम विशाल व ननंद नीरू ने पति की अर्थी को देखने व पैर छूने पर आपत्ति जाहिर की थी। घर में घुसने न देने पर पिता विष्णु के साथ वह अंतिम संस्कार के बाद मायके चली गई थी।
शुक्रवार को जब पिता के साथ ससुराल पहुंची तो ससुर रामविशाल व ननद नीरू ने घर में नहीं घुसने दिया। कमरा व शौचालय में ताला लगा कर गायब हो गए। मायके से पिता खाना लेकर आते हैं। खुले में ही 3 दिन से पिता के साथ रह रही है। सावित्री ने वूमेन पावर लाइन पर शिकायत दर्ज की है। मौके पर पहुंची पुलिस को ससुर रामविशाल नहीं मिला है। सावित्री को तहरीर देने थाने बुलाया गया है।