गाजीपुर थाने में पकड़ा गया गांजा तस्कर
- फोटो : अमर उजाला
गाजीपुर-बांदा मार्ग पर औगासी पुल के पास बुधवार को पुलिस की संयुक्त टीमों ने गांजा तस्करों की एक वैन पकड़ी। वैन से 92 किलो गांजा मिलने पर पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया। लोकेशन देकर वैन पास कराने वाला कार सवार तस्कर मौके से भाग निकला। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी चालक को जेल भेज दिया है।
गाजीपुर पुलिस, एसओजी और इंटेलिजेंस विंग की संयुक्त टीम ने इको वैन को रोका। तलाशी के दौरान वैन से 92 किलो गांजा बरामद हुआ। इस पर पुलिस ने मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के खांडा निवासी चालक राजेश महरा को गिरफ्तार किया गया। इंटेलिजेंस प्रभारी विनोद मिश्रा ने बताया कि तस्कर ओडिशा से गांजा लेकर कानपुर सप्लाई करने जा रहा था।
पूछताछ में पता चला कि मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के आमलई निवासी प्रकाश नापित उर्फ बड़कू कार से आगे-आगे चलकर वैन को पुलिस की लोकेशन की जानकारी दे रहा था। कार्रवाई के दौरान वह भाग निकला। उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। बरामद गांजे की बाजार कीमत करीब 45 लाख रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार चालक ने स्वीकार किया कि एक चक्कर गांजा पहुंचाने के बदले उसे 45 हजार रुपये मिलते थे। ओडिशा में प्रकाश द्वारा बताई गई जगह पर वैन में गांजे की लोडिंग कराई जाती थी। कानपुर में माल कहां उतारना है इसकी जानकारी भी आगे से ही दी जाती थी। सीओ बृजमोहन राय ने बताया कि राजेश महरा और फरार आरोपी प्रकाश नापित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार तस्कर को कोर्ट में पेश कर उसे जेल भेज दिया गया है। लोकेशन देने वाले आरोपी की तलाश जारी है।