फोटो 18::
- नवीन मंडी परिसर में सुबह आठ बजे से शुरू हो जाएगी मतगणना
- 14-14 टेबलों के साथ विधानसभा वार बनाए गए है चार पंडाल
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। फर्रुखाबाद मार्ग पर स्थित नवीन मंडी परिसर में आज आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। इटावा लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने वाले सात प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज होगा।
इटावा सीट के लिए इस बार प्रमुख दलों में भाजपा के डॉ. रामशंकर कठेरिया, सपा से जितेंद्र दोहरे, बसपा से सारिका सिंह सहित सात प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। 13 मई को इन उम्मीदवारों का भाग्य मतदान के बाद ईवीएम में बंद हो गया था। वहीं मतगणना स्थल व उसके आसपास कड़े सुरक्षा के प्रबंध किए गए है। हर विधानसभा क्षेत्र के 14 बूथों की गिनती एक बार में की जाएगी। भरथना क्षेत्र के सर्वाधिक 470 बूथों की गिनती 34 चक्रों में की जाएगी।
इसके लिए 271 कर्मचारियों की तैनाती की गई है। जिले में इटावा लोकसभा सुरक्षित सीट के लिए इटावा व भरथना और मैनपुरी सीट के लिए जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में पड़े वोट पड़े है। इन तीनों विधानसभा क्षेत्रों के वोटों की गिनती मंगलवार को ईवीएम स्ट्रांग रूम के पास नई मंडी परिसर में बनाए मतगणना पंडाल में होगी।
प्रशासन सोमवार को अंतिम तैयारियों में जुटा रहा। मतों की गिनती चक्रवार होगी। हर एक चक्र में 14 बूथों के वोट गिने जाएंगे। हर बूथ के लिए एक टेबल होगी। प्रत्येक टेबल पर सुपरवाइजर, माइक्रो आब्जर्वर, सहायक व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी मौजूद रहेंगे। हर एक टेबल पर प्रत्याशी के गणना एजेंट मौजूद रहेंगे।
विधानसभा क्षेत्र में वोटों की गिनती के चक्र (इटावा लोकसभा)
क्षेत्र बूथ चक्र
इटावा 420 30
भरथना 470 34
दिबियापुर 361 26
औरैया 374 27
सिकंदरा 405 29
इनके भाग्य का फैसला आज
प्रत्याशी दल
जितेद्र कुमार दोहरे सपा
डॉ. रामशंकर कठेरिया भाजपा
सारिका सिंह बसपा
भुवनेश कुमारी सम्यक पार्टी
विवेक राज जनता समाजवादी पार्टी
मुलायम सिंह निर्दलीय
सुनील शंखवार निर्दलीय
-
तीन घेरे में होगी सुरक्षा
मतगणना स्थल की सुरक्षा की चाक चौबंद रखने के लिए तीन घेरों में सुरक्षा व्यवस्था की गई है। बाहरी घेरे में स्थनीय पुलिस, बीच में आर्म पुलिस और पहले घेरे में सेंट्रल फोर्स की तैनाती की गई है। इसके अलावा मतगणना प्रक्रिया को सही ढंग से संपन्न करवाने के लिए तीन एएसपी, पांच सीओ, 39 इंस्पेक्टर, 149 एसआई, 950 आरक्षी , दो कंपनी पीएसी व दो कंपनी आरएएफ की तैनाती की गई है। वहीं 16 क्यूआरटी भी लगाई गईं है।
-
टाइमलाइन
सुबह 6:30 बजे- राजनीतिक दलों एजेंटों के सामने खुलेगा स्ट्रांग रूम।
सुबह 8:00 बजे- ईवीएम को टेबलों पर पहुंचाया जाएगा।
सुबह 8:30 बजे- शुरू होगी ईवीएम में पड़े मतों की गणना।
सुबह 10:00 बजे - आने शुरू हो जाएंगे पहले रुझान।
दोपहर 12:00 बजे - लोकसभा की सभी विधानसभाओं के रुझान आने शुरू हो जाएंगे।
शाम 3:00 बजे- जीतने व हारने वाले प्रत्याशियों की स्थितियों के सामने आने की संभावना।
शाम 5:00 बजे- सबकुछ ठीक रहा तो रिजल्ट शाम पांच बजे तक आने की संभावना है। हालांकि इसकी घोषणा तमाम कागजी कार्रवाई के बाद देर रात तक होगी ।
वर्जन
मतगणना के दौरान या इसके बाद किसी ने अफवाह फैलाने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी को कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। मतगणना के पूर्व डीएम ने अधीनस्थ अधिकारियों से कहा कि जिस प्रकार निष्पक्ष व पारदर्शी ढंग से मतदान हुआ है। उसी प्रकार मतगणना भी करवाई जाएगी।
अवनीश राय, जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी
पूरी ईमानदारी के साथ मतगणना प्रक्रिया संपन्न करवाई जाएगी। प्रशासन पूरी तरह से निष्पक्षता के साथ कार्य कर रहा है। रिजल्ट में हार-जीत जो भी हो उसे स्वीकार करें। कोई जुलूस न निकाले, जो कानून व्यवस्था व आचार संहिता के खिलाफ हो, ऐसा करने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
संजय कुमार वर्मा, एसएसपी