सोमवार दोपहर गैस गोदाम क्रॉसिंग के पास उस समय रेल संचालन प्रभावित हो गया, जब मुंबई सेंट्रल–कानपुर रूट पर गुजर रही ट्रेन के सामने अचानक दो गोवंश ट्रैक पर आ गए। चालक ने लगातार हॉर्न बजाकर उन्हें हटाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों गोवंश ट्रैक से नहीं हटे। हादसे को टालने के लिए चालक ने इमरजेंसी ब्रेक भी लगाए, फिर भी दोनों गोवंश ट्रेन की चपेट में आ गए और करीब 100 मीटर तक घिसटते चले गए।
हादसे के बाद ट्रेन को मौके पर ही रोक दिया गया। ट्रैक पर फंसे गोवंशों के शवों को हटाने और लाइन को सुरक्षित करने में करीब एक घंटे का समय लगा। इस दौरान रेल यातायात प्रभावित रहा और कई ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा। मऊ एक्सप्रेस को जसोदा स्टेशन पर तथा कानपुर–कासगंज ट्रेन को कन्नौज स्टेशन पर खड़ा किया गया।
घटना के कारण गैस गोदाम क्रॉसिंग भी बंद रही, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। ट्रेन के लंबे समय तक खड़े रहने से कई यात्रियों ने बीच रास्ते में ही उतरकर ऑटो और अन्य साधनों से अपने गंतव्य की ओर जाना बेहतर समझा। रेलवे कर्मचारियों ने गोवंशों के शव हटाकर ट्रैक को दुरुस्त किया, जिसके बाद रेल संचालन सामान्य हो सका। हादसे ने एक बार फिर रेलवे ट्रैक पर आवारा गोवंशों की समस्या को उजागर कर दिया है।