कैश लेन की सभी लाइनें बंद, सुरक्षा कड़ी
- फोटो : amar ujala
उत्तर प्रदेश में फतेहपुर के कटोघन और कानपुर देहात के बाराजोड़ सहित सभी टोल प्लाजा में सोमवार रात से फास्टैग अनिवार्य होने पर कैशलेन की सभी लाइन बंद कर दी गईं हैं। गाड़ियों में फास्टैग न होने पर निर्धारित से दोगुना टोल टैक्स वसूला जाएगा। नेशनल हाईवे अथारिटी आफ इंडिया (एनएचएआई) ने शतप्रतिशत वाहनों के फास्टैग बनाने के लिए टोल प्लाजा में दोनों तरफ काउंटर (प्वाइंट आफ सेल) बनवाए थे जहां पर लोगों ने पहुंचकर फास्टैग बनवाए।
एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पंकज मिश्रा ने बताया कि कानपुर रीजन के कानपुर - सागर मार्ग पर अलियापुर (कानपुर नगर), खन्ना, बाराजोड़, अनंतराम (इटावा), प्रयागराज हाइवे के कटोघन (फतेहपुर), बड़ौरी (फतेहपुर), उरई - झांसी सेक्शन में दो और झांसी - ललितपुर सेक्शन में एक टोल प्लाजा में तैयारियां पूरी हो गईं हैं। लखनऊ हाईवे पर नवाबगंज (उन्नाव) टोल प्लाजा में भी फास्टैग सेंसर लगा दिए गए हैं।
सभी टोल प्लाजा में रात 12 बजे से कैशलेन बंद कर दी गईं। सोमवार को टोल प्लाजा पर लोगों ने रुक रुक खुद फ़ास्टैग बनवाए। देर रात तक कहीं से ऐसी रिपोर्ट नहीं प्राप्त हुई कि कहां पर कितने फास्टैग बनवाए गए। सभी टोल प्लाजा पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। इसके लिए क्षेत्रीय थानों को सूचना दे दी गई है।
पंकज मिश्रा, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, एनएचएआई
बैलेंस पता करने को करें मिस्ड काल
एनएचएआई की कंपनी इंडियन हाईवे मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड ने फास्टैग बैलेंस जानने के लिए मिस्ड काल सेवा शुरू की है। जिन्होंने एनएचएआई प्रीपेड वॉलेट से अपने मोबाइल नंबर का रजिस्ट्रेशन कराया है, वे प्लस 91-8884333331 पर मिस्ड काल करके बैलेंस चेक कर सकते हैं।