यूपी में फर्रुखाबाद जिले के मोहम्मदाबाद में अंग्रेेजी शराब पीने से पशु व्यापारी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी होने पर प्रशासन के भी हाथ-पांव फूल गए। पुलिस ने दुकान के सेल्समैन को हिरासत में लेकर दुकान के बाहर फोर्स तैनात की है।
अधिकारियों ने बताया कि मरने वालों ने जिस ब्रांड की शराब का सेवन किया था, फिलहाल जिले में उक्त ब्रांड की शराब बिक्री पर रोक लगा दी गई है। कोतवाली क्षेत्र के गांव अहिमलापुर निवासी पशु व्यापारी जितेंद्र सिंह (50) ने गुरुवार को छिबरामऊ के मोहल्ला आवास विकास गीतापुरम कालोनी निवासी दोस्त ठेकेदार ओमवीर सिंह (55) को भुने आलू व शराब की दावत पर एक झोपड़ी में बुलाया।
इसके बाद जितेंद्र ने अपने साथी मोनू से भरतापुर गांव स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान से शराब मंगाई। फिर तीनों ने साथ बैठकर शराब पी। कुछ देर बाद ही तीनों की हालत बिगड़ गई। झोपड़ी के पास से गुजरे ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी।