फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव अजमतपुर निवासी युवक का शव हरियाणा के कुरूक्षेत्र में बुधवार सुबह पंखे से लटका मिला था। परिजन उसका शव लेकर गांव पहुंचे तो घर में कोहराम मच गया। परिजन हत्या का मामला बता रहे हैं।
गांव अजमतपुर निवासी राजेश का 22 वर्षीय पुत्र रजनेश उर्फ रामू हरियाणा के कुरुक्षेत्र में एक फैक्टरी में काम करता था। वहां पीपली कसबा में किराए के कमरे पर अकेला रहता था। 6 मई की सुबह उसका रिश्तेदार युवक जब उसके कमरे पर पहुंचा तो रजनेश का शव पंखे से लटका मिला। उसके रिश्तेदार ने यहां परिजनों व पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पिता राजेश व कुछ लोग अपने साधन से हरियाणा पहुंचे। पिता ने बताया रजनेश के शरीर पर चोटों के निशान थे। पिता की तहरीर पर अज्ञात के पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। परिजन शुक्रवार को शव लेकर गांव पहुंचे तो घर में कोहराम मच गया। युवक के दो छोटे भाई हैं जो गांव में ही खेती करते हैं।