Farrukhabad News: पुलिस ने दो दिन पहले वृद्धा से कुंडल लूटने वाले बदमाश दीपक उर्फ बाबा को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। जवाबी फायरिंग में घायल बदमाश के पास से लूट का माल बरामद हुआ है।
फर्रुखाबाद जिले में कादरीगेट थाना क्षेत्र के चांदपुर के पास दो दिन पहले एक वृद्धा से कुंडल लूट लिए गए थे। पुलिस ने बदमाश को चिह्नित कर उसकी घेराबंदी शुरू की। इसके तहत पुलिस को शुक्रवार तड़के सूचना मिली कि बदमाश बाग लकूला से चांदपुर जाने वाले मार्ग पर स्कूटी के साथ किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में है।
इसी के चलते घेराबंदी की, तो उसने पुलिस पर गोली चला दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी। उसके पास से तमंचा, स्कूटी बरामद हुए। घायल को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाश मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव अर्रापहाड़पुर निवासी दीपक उर्फ बाबा है। उसके पास से लूटे कुंडल भी बरामद हुए हैं।