अमृतपुर क्षेत्र के एक कोल्ड स्टोर में निर्माण कर रहा मजदूर सोमवार रात छत से गिर गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल लाया गया। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मोहम्मदाबाद थाने के गांव अखई नगला निवासी प्रेमबाबू (30) अमृतपुर स्थित एक कोल्ड स्टोर में मजदूरी कर रहा था। वहां महरूपुर के श्यामाचरण की मशीन से लिंटर डाला जा रहा था। सोमवार रात प्रेमबाबू छत से नीचे गिर गया।
गंभीर रूप से घायल को श्यामाचरन सीएचसी राजेपुर ले गए। वहां हालत में सुधार न होने पर भाई पंचम लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। काफी देर हीलाहवाली के बाद मशीन मालिक और कोल्ड मालिक ने परिजनों का आर्थिक सहयोग किया। इसके बाद भाई पंचम बिना पुलिस कार्रवाई के शव घर लेकर चला गया। छोटा भाई पंचम ने बताया कि प्रेमबाबू चार भाइयों में सबसे बड़ा था। मां अनीता और पत्नी वर्षा का बुरा हाल है।