Farrukhabad News: लौहापानी में बरात की तैयारी के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से टेंट कर्मी सुरेंद्र की मौत हो गई। मां को पहले ही खो चुके सुरेंद्र की मौत से उसके वृद्ध पिता का सहारा छिन गया है।
गांव लोहापानी बरात विदा होने के बाद टेंट उखड़ते समय लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गया। इससे उतरे करंट से मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। वह पिता की इकलौती संतान था। मां की कई साल पहले मौत हो चुकी है। परिजन बेहाल हैं।
विज्ञापन
शमसाबाद के गांव मुजाहिदपुर निवासी सुरेंद्र (30) टेंट हाउस में काम करता था। बृहस्पतिवार सुबह वह साथी जगतराम के साथ मऊदरवाजा थाने के गांव लोहापानी निवासी राजेश्वर के घर से बेटी की शादी में लगे टेंट को विदा होने के बाद उखाड़ रहा था। सुरेंद्र ने लोहे का पाइप उठाया तो वह ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन में छू गया। इससे करंट लगने से सुरेंद्र की कुछ ही देर में मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर थानाध्यक्ष अजब सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। पिता रामकुमार और परिवार के अन्य महिला-पुरुष व रिश्तेदार पहुंचे। पिता ने बताया कि सुरेंद्र की मां उर्मिला की कई साल पहले ही मौत हो चुकी है। उसकी शादी नहीं हुई थी। पुत्र को वह खुद खाना बनाकर खिलाते थे। वह मजदूरी करने आया था। वह मुड़िया खेड़ा में जगतराम के टेंट हाउस पर काम करता था। बेटे की मौत के बाद अब वह अकेला रह गया।