कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव कुबेरपुर स्थित सिलाई कारखाने में शुक्रवार देर शाम आग लगने से लाखों रुपये का सामान जल गया। आग से करीब 22 लाख रुपये का सिला और बिना सिला कपड़ा, मशीनें समेत अन्य सामान जल गया।
नगर के मोहल्ला बजरिया बेगराज निवासी मोहम्मद हासिम का कुबेरपुर गांव में सिलाई कारखाना है। शुक्रवार को कारखाने में काम बंद था। देर शाम पड़ोसियों ने कारखाने से धुआं उठता देखा तो हासिम को सूचना दी। उनके पहुंचने तक आग ने विकराल रूप ले लिया था।
अग्निशमन अधिकारी प्रांशु अवस्थी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अलीगंज से भी दमकल की गाड़ी बुलानी पड़ी। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हासिम ने बताया कि कारखाने में कुर्ती, पायजामा और लोअर सिलने का काम होता था। आग से करीब 15 लाख रुपये का सिला हुआ और सात लाख रुपये का कच्चा कपड़ा जल गया। मशीनें और अन्य सामान भी आग की चपेट में आ गए। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई गई है।