Farrukhabad News: धीरपुर औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार भोर में टायर से तेल निकालने वाली फैक्टरी में संदिग्ध परिस्थितियों में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और धुएं का काला गुबार आसमान में छा गया। दमकल की पांच गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
फर्रुखाबाद जिले में मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के धीरपुर स्थित औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार भोर में टायर से तेल निकालने वाली फैक्टरी में अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इससे ऊंची-ऊंची लपटे और धुएं का गुबार उठने लगा।
हादसे की सूचना पर जनपद के साथ ही बेवर से भी दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। कड़ी मशक्कत के बाद पांच गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। पिछले वर्ष भी इसी फैक्टरी में आग लगी थी। तब चार कर्मचारी झुलस गए थे। इसके बाद भी वहां आग से निपटने के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे।