फर्रुखाबाद में सिटी मिशन स्कूल के चौकीदार का शव कादरीगेट के पास सड़क किनारे पड़ा मिला। मोबाइल और नगदी नहीं मिली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर में पांच जगह चोट लगने और अधिक खून निकलने से मौत होने की पुष्टि हुई है। चाचा ने हत्या की आशंका जताई है।
मेरापुर थाना क्षेत्र के गांव सिलसंडा के संतोष कुमार मिश्र (40) पुत्र सतीश चंद्र मिश्र फर्रुखाबाद के अंडियाना स्थित सिटी मिशन अंग्रेजी माध्यम स्कूल में चौकीदार थे। वह पल्ला मोहल्ले में कस्तूरी लाल के मकान में रहते थे। गुरुवार सुबह करीब छह बजे संतोष का शव कादरीगेट से पांचाल घाट की ओर जाने वाले रोड किनारे पड़ा मिला।
पास में एक ट्रक खड़ा था। शव के पास में स्वेटर और चप्पल पड़ी थीं। मौके पर पहुंचे कादरीगेट चौकी प्रभारी संदीप शर्मा और कोतवाल वेदप्रकाश पांडेय को मृतक की जेब में डायरी ,स्कूल और कमरे की चाभी मिलीं। डायरी में लिखे मोबाइल नंबर से कायमगंज के रसीदाबाद गांव निवासी साढ़ू के भाई रवेंद्र दीक्षित और हरदोई के पाली निवासी रिश्तेदार ममता को सूचना दी।
दोनों ने शव की शिनाख्त की। बाद में परिजन भी पहुंच गए। मृतक का मोबाइल व जेब में नगदी नहीं मिली। शरीर पर चोटों के निशान भी थे। इससे चाचा ने हत्या की आशंका जताई है। कोतवाल वेदप्रकाश पांडेय ने बताया कि संतोष के माथे पर टीका लगा था। इससे गंगा स्नान कर लौटते समय दुर्घटना की आशंका है। आसपास के लोगों ने अंधेरे में मोबाइल आदि निकाल लिया होगा। जांच की जा रही है, तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।