उन्नाव के सफीपुर में विवेचना में हीलाहवाली और घूस मांगने के आरोप में एसपी ने कोतवाली के दो उपनिरीक्षकों को निलंबित कर दिया है। एसपी के अनुसार रुपये मांगने की शिकायत पर दोनों को निलंबित किया है। सीओ सफीपुर को मामले की जांच दी गई है।
कोतवाली क्षेत्र के उनवा गांव निवासी कंप्यूटर सेंटर के संचालक रियाज सिद्दीकी ने कानपुर गोविंद नगर की स्वयंसेवी संस्था की प्रमुख रंजना सिंह, उनके साथी अमित शुक्ला व विनय कनौजिया पर 9.40 लाख रुपये न देने का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
न्यायालय के आदेश पर 20 जनवरी को पुलिस ने रिपोर्ट लिखी थी। इसकी विवेचना कस्बा प्रभारी शैलेंद्र सिंह कर रहे थे। एसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि विवेचना में दरोगा शैलेंद्र व दरोगा नाजुद्दीन द्वारा आरोपी संस्था प्रमुख को फोन कर विवेचना निस्तारण के नाम पर रुपयों की मांग की गई थी। आरोपी पक्ष की शिकायत पर दोनों उप निरीक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। सीओ कृपाशंकर को जांच दी गई है।