गांव घसिया चिलौली में आग लगने के बाद बचा सामान देखते परिजन
- फोटो : amar ujala
फर्रुखाबाद जिले में कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम घसिया चिलौली में सोमवार सुबह गैस सिलिंडर में लगी आग से एक मजदूर परिवार का पूरा सामान जलकर राख हो गया। हादसे में दो दिन पहले नेपाल से लौटे बेटे की करीब 33 हजार रुपये नकदी भी जल गई। गांव निवासी मुन्नालाल की पत्नी सीमा सुबह लगभग 7:30 बजे कमरे में चाय बना रही थीं।
तभी सिलिंडर से तेज लपटें उठने लगीं। शुरुआत में परिवार ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर दौड़े और सबमर्सिबल चलाकर तथा मिट्टी-बालू डालकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मुन्नालाल ने बताया कि वह किराये के मकान में रहते हैं और मजदूरी कर परिवार का खर्च चलाते हैं।