फर्रुखाबाद पुलिस ने रोडवेज बस अड्डे के पास से छत्तीसगढ़ के एक युवक को तीन किलो अफीम समेत गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया युवक जनपद बरेली के कस्बा आंवला में अफीम की सप्लाई करने जा रहा था। अंतरराष्ट्रीय बाजार मेें अफीम की कीमत तीस लाख रुपये बताई जा रही है।
युवक महीने में तीन बार सप्लाई लेकर जाता था। एसपी डॉ. अनिल मिश्र ने रविवार को पुलिस लाइन के सभागार में बताया कि शहर कोतवाल वेदप्रकाश पांडेय को सूचना मिली कि रोडवेज बस अड्डे पर एक युवक अफीम लेकर जा रहा है। इस पर कोतवाल ने फोर्स के साथ घेराबंदी की।
पुलिस ने राज्य छत्तीसगढ़ के जिला पलामू थाना पिपरटाड़ के गांव होटवार निवासी दीपक कुमार यादव को पकड़ लिया। तलाशी में उसके बैग से तीन किलो अफीम बरामद हुई। पूछताछ में दीपक ने बताया कि वह छत्तीसगढ़ के जनपद पलामू, छतरा से अफीम लाकर जनपद बरेली के कस्बा आंवला निवासी सलीम को बेचने जाता था।
महीने में वह तीन बार सप्लाई लेकर आता था। पकड़ी गई अफीम की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में तीस लाख रुपये बताई गई है। इस दौरान सीओ सिटी मन्नीलाल गौंड, सीओ कायमगंज राजवीर सिंह गौर आदि मौजूद रहे। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ शहर कोतवाली में मादक पदार्थ की धारा में मुकदमा दर्ज कराया गया है।