कानपुर में नर्वल के रायपुर गांव में आवारा जानवरों से परेशान लाठी-डंडे से लैस किसानों ने रविवार को ग्राम प्रधान बलवीर सिंह को बैठक के बहाने बुलाकर बंधक बना लिया। उनसे कार की चाबी व मोबाइल फोन छीनकर हंगामा किया। जानवरों को गांव के प्राथमिक विद्यालय परिसर में बंद कर नारेबाजी की। पुलिस अफसरों ने किसानों को समझा कर शांत कराकर जानवरों को परिसर से बाहर निकाला। हंगामा करीब पांच घंटे तक चला।
किसानों ने दोपहर 12:00 बजे गांव में साधन सरकारी समिति के पीछे ऊसर जमीन पर बैठक बुलाई। इसमें ग्राम प्रधान बलवीर सिंह को बुलाया। बलवीर पहुंचे तो लाठी-डंडे से लैस 200 से ज्यादा किसानों ने घेर लिया। कहा कि जानवरों की व्यवस्था कराने पर पर ही छोड़ेंगे। इसके बाद किसानों ने पूरे गांव में घूम रहे 50 से ज्यादा आवारा जानवरों को इकट्ठा कर दोपहर 3:00 बजे प्राथमिक व जूनियर हाईस्कूल विद्यालय परिसर में बंद कर दिया। सूचना पाकर नर्वल थाना प्रभारी फोर्स के साथ वहां पहुंचे और किसानों को समझा कर मामला शांत कराया।