बिजली कटौती के विरोध में प्रदर्शन करते किसाान
- फोटो : अमर उजाला
फतेहपुर के अमौली ब्लाक के डिघरुवा देवरी हसनपुर विद्युत उपकेंद्र में अघोषित बिजली कटौती से नाराज किसानों ने जमकर हंगामा काटा। अवर अभियंता को बंधक बना कर उपकेंद्र में ताला लगा दिया। फिर बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। अधिशासी अभियंता व उपखंड अधिकारी ने मौके पर पहुंच कर किसानों को शांत कराया।
बिजली आपूर्ति बहाल किए जाने के आश्वासन पर धरना खत्म कराया। डिघरूवा उपकेंद्र के विश्व बैंक फीडर की मशीन दो दिन पहले जल गई है। जिसको अभी तक सही नहीं किया गया है। इससे देवरी हसनपुर अर्गल, बसफरा, डिघरुवा, भौराजपुर, दामोदरपुर, मदियाखेड़ा, पांडेपुर, प्रसादपुर के किसानों ने सुबह नौ बजे उपकेंद्र का घेराव किया।
उपकेंद्र के जेई अभिनाष यादव और किसानों से झड़प हुई। गुस्साए किसानों ने उपकेंद्र में ताला लगाकर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। जली हुई मशीनों को सही कराने को कहा। उपकेंद्र में किसानों के प्रदर्शन की सूचना पर अधिशासी अभियंता आरएन सिंह व उपखंड अधिकारी प्रशांत शुक्ला मौके पर पहुंचे। अधिशासी अभियंता से किसानों ने जेई पर वसूली करने का आरोप लगाया।
अधिशासी अभियंता आरएन सिंह ने जांच कराने को कहा। तब किसानों का गुस्सा शांत हुआ। साथ ही 10 दिन में उपकेंद्र की सभी मशीनों को दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया। इस मौके पर युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष खजुहा अंकित शुक्ला, नवनीत, संजय, दीपक, रवि, कुलदीप, रामप्रकाश, रामू, पवन अवस्थी, दिनेश और देवरी चौकी इंचार्ज मुकेश कुमार सुमन मौजूद रहे।