रूरा। कोर्ट से घर लौट रहे किसान की शिवली-रूरा मार्ग स्थित एक गेस्टहाउस के पास मंगलवार रात नौ बजे तबीयत बिगड़ गई। लोगों ने उनको मेडिकल कॉलेज पहुंचाया वहां डॉक्टर ने उनको मृत घोषित कर दिया।
कानपुर नगर के शिवराजपुर थाना क्षेत्र के मुस्ताह गांव निवासी शिवबहादुर सिंह उर्फ संतोष (41) की मंगलवार रात मेडिकल कॉलेज अकबरपुर में मौत हो गई। भाई कृष्णबहादुर ने बताया कि गांव के संदीप कटियार के साथ भाई मंगलवार को माती न्यायालय जमीन के काम से गए हुए थे। घर लौटते समय रास्ते में शिवली-रूरा मार्ग में श्रीकृष्ण गेस्टहाउस के पास भाई की हालत बिगड़ी तो उसके साथी ने सूचना दी।
जिसके बाद वह मौके पर आया और सूचना पुलिस को देकर भाई को उपचार के लिए अकबरपुर के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर घर पहुंचने पर पत्नी निशा, पुत्र शिवा व पुत्री राखी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन ने मौत पर आशंका जताकर पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष सुधीर भारद्वाज ने बताया कि परिजन की मांग पर शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।