झींझक। छुट्टा मवेशियों से परेशान ग्रामीणों ने शनिवार को किशौरा गांव में करीब 25 मवेशियों को पंचायत घर में बंद कर दिया। ग्रामीणों ने अधिकारियों से मवेशियों को गोशालाओं में भिजवाने की मांग की। सूचना पर पहुंचे ब्लॉक कर्मियों ने कैटल कैचर टीम की मदद से मवेशियों को गोआश्रय स्थलों में भिजवाया।
शनिवार सुबह करीब 10 बजे गांव व आसपास घूम रहे आवारा मवेशियों को ग्रामीण रवि, सुनीत, रामप्रकाश, राजू, अरुणेश आदि ने इकट्ठा कर पंचायत घर में बंद कर दिया। ग्रामीणों ने आवारा मवेशियों की समस्या का समाधान नहीं होने पर नाराजगी जताई। आरोप है कि मवेशी फसल को नुकसान पहुंचाते हैं। साथ ही अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की।
सूचना पर पशुधन प्रसार अधिकारी, परजनी कृष्णमोहन और पंचायत सचिव अमित मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद कैटल कैचर टीम की मदद से पंचायत घर में बंद मवेशियों को गोआश्रय स्थलों में भेजा गया। एडीओ पंचायत उमाशंकर ने बताया कि सूचना मिलते ही पशु चिकित्सक और पंचायत सचिव को मौके पर भेजा गया था। कैटल कैचर टीम मवेशियों को असालतगंज गोशाला में भेज रही है।