फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महोबा: फसल सर्वे के नाम पर वसूली का आरोप, सर्वेयरों को पहनाया चूड़ी-पेटीकोट, जूतों की माला डालकर घुमाया

Fri, 11 Sep 2026 02:05 PM IST
प्रसून शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला,महोबा

सार

Mahoba News: फसल सर्वे के नाम पर किसानों से रुपये वसूले जाने के आरोप से भड़के ग्रामीणों ने दो सर्वेयरों को पकड़कर अनोखा विरोध किया। कोतवाली चरखारी क्षेत्र के नटर्रा गांव में ग्रामीणों ने दोनों सर्वेयरों को महिलाओं के कपड़े और चूड़ियां पहनाईं।
विज्ञापन
फसल सर्वे के नाम पर वसूली का आरोप - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

फसल सर्वे के नाम पर किसानों से रुपये वसूले जाने के आरोप से भड़के ग्रामीणों ने दो सर्वेयरों को पकड़कर अनोखा विरोध किया। कोतवाली चरखारी क्षेत्र के नटर्रा गांव में ग्रामीणों ने दोनों सर्वेयरों को महिलाओं के कपड़े और चूड़ियां पहनाईं। इसके बाद गले में जूतों की माला डालकर पूरे गांव में घुमाया। हंगामे के बाद दोनों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। कृषि विभाग और पुलिस मामले की जांच कर रही है। जिले में लगातार हुई बारिश से उड़द, मूंग, तिल और मूंगफली की फसलों को भारी नुकसान हुआ है।

विज्ञापन

किसानों का दावा है कि कई जगह फसलें 90 फीसदी तक खराब हो गई हैं और खेतों में अब भी पानी भरा है। किसानों ने खरीफ फसलों का प्रधानमंत्री फसल बीमा कराया था और नुकसान की सूचना बीमा कंपनी के टोल-फ्री नंबर पर दी थी।

ग्रामीणों ने सर्वेयरों को पेटीकोट-चूड़ी पहनाकर घुमाया - फोटो : वीडिओ ग्रैब

ज्यादा मुआवजे का भरोसा देकर रुपये लेने का आरोप

किसानों के मुताबिक, करीब एक सप्ताह से बीमा कंपनी के सर्वेयर फसलों के नुकसान का सर्वे कर रहे हैं। आरोप है कि सर्वेयरों ने फसल में अधिक क्षति दिखाने और ज्यादा बीमा राशि दिलाने का भरोसा देकर किसानों से पांच से दस हजार रुपये तक लिए।

नटर्रा गांव में कई किसानों से रुपये लिए जाने और विरोध करने पर बीमा राशि न मिलने की कथित धमकी की बात सामने आने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई। बृहस्पतिवार शाम सर्वे कर रहे दो सर्वेयरों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया।

प्रधानपति रविंद्र राजपूत और अन्य ग्रामीणों ने चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत को वीडियो कॉल कर पूरे मामले की जानकारी दी। विधायक ने दोनों युवकों से फोन पर बात की और रुपये वसूले जाने के आरोप को लेकर उन्हें फटकार लगाई।

पेटीकोट-चूड़ी पहनाकर गांव में घुमाया

इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों सर्वेयरों को महिलाओं के कपड़े और चूड़ियां पहनाईं। उनके गले में जूतों की माला भी डाल दी गई। इसके बाद दोनों को पूरे गांव में घुमाया गया। घटना के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुटे रहे।

हंगामे की सूचना पर उप कृषि निदेशक रामसजीवन गांव पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की शिकायत सुनी और मामले की जानकारी जिलाधिकारी को देने की बात कही। उन्होंने जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा भी दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों सर्वेयरों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

किसान इंद्रपाल कुशवाहा ने बताया कि उन्होंने खरीफ सीजन में उड़द, तिल और मूंगफली की फसल का बीमा कराया था। फसल खराब होने के बाद बीमा कंपनी के टोल-फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराई थी। उनके अनुसार, सर्वे के लिए आए युवकों ने उनसे ऑनलाइन पांच हजार रुपये लिए।

विज्ञापन

अन्य किसानों से भी रुपये लिए जाने की शिकायत के बाद ग्रामीणों ने दोनों सर्वेयरों को पकड़ लिया। उधर, एसडीएम चरखारी अवनीश तिवारी ने बताया कि फसल सर्वे के नाम पर रुपये वसूलने की शिकायत मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



">http://

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें