आरोपी जल्द हाजिर नहीं होतें हैं, तो होगी कुर्की की कार्रवाई
वहीं चर्चा है कि भाजपा नेता डॉ. प्रियरंजन ने लखनऊ, प्रयागराज और कानपुर के बड़े नेताओं की चौखटों पर अपने समर्थकों को भेजकर कार्रवाई से बचने के लिए पैरवी शुरू कर दी है, जिसके बाद से पुलिस अधिकारियों के फोन सारा दिन घनघटाते रहे। जेसीपी आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि अब तक 100 से ज्यादा लोगों से पुलिस पूछताछ कर चुकी है। यदि आरोपी जल्द हाजिर नहीं होते हैं, तो उनके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।
दो दिनों तक साथ लेकर घुमने के पुलिस को मिले साक्ष्य
जेसीपी ने बताया कि पुलिस की जांच में पता चला कि आरोपियों ने बाबू सिंह के ज्यादा न पढ़े लिखे होने व आर्थिक तंगी का फायदा उठाते हुए उनकी जमीन की रजिस्ट्री करवा ली थी। होटल में प्रियरंजन ने ही रजिस्ट्री के पेपर तैयार करवाए। रजिस्ट्री करवाने से पहले दो दिनों तक प्रियरंजन बाबू सिंह को साथ लेकर घूमता रहा था। रजिस्ट्री के वक्त भी लगातार संपर्क में रहा। पुलिस के पास इनके साक्ष्य मौजूद हैं।
भाजपा नेता की 48 घंटे में गिरफ्तारी नहीं, तो आंदोलन करेंगे किसान
मृतक किसान बाबू सिंह की खुदकुशी के मामले में रविवार को जय किसान आंदोलन के पदाधिकारियों ने चकेरी निवासी मृतक आश्रितों से मुलाकात की। भाजपा नेता डॉ. प्रियरंजन आशु दिवाकर की अब तक गिरफ्तारी न होने पर जय किसान आंदोलन के कार्यकर्ताओं ने नाराजगी व्यक्त की। जय किसान आंदोलन कानपुर नगर के अध्यक्ष नवनीत सिंह यादव ने कहा कि पदाधिकारियों ने 48 घंटे में भाजपा नेता को गिरफ्तार करने की मांग की। ऐसा न होने पर जय किसान आंदोलन किसान के परिवार के साथ आंदोलन करेगा।
भाजपा नेता की तस्वीर जलाकर जताया रोष
चकेरी गांव स्थित किसान बाबू सिंह यादव की आत्महत्या के मामले में कोई गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित परिजनों ने रविवार को आरोपी डॉ. प्रियरंजन आशु की तस्वीर को जलाकर रोष जताया। इस दौरान न्याय संघर्ष समिति ने आशु को यूपी बाल संरक्षण आयोग के पद से हटाए जाने की मांग की। बाबू सिंह की पत्नी बिटान ने कहा कि योगी जी तो बहुत गर्व से अपराधियों के घर बुलडोजर चलवाने की बात करते हैं, तो इन अपराधियों को क्यों छोड़ रखा है।
कांग्रेसियों ने दिया आश्वासन, न्याय मिलने तक जारी रखेंगे संघर्ष
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर रविवार को कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल किसान बाबू सिंह यादव के परिवार से मिलने उनके निवास पहुंचा। पत्नी बिटान व उनकी दोनों बेटियों रूबी, काजल से मुलाकात की। उन्हें आश्वासन दिया कि उनके संघर्ष में और उनको न्याय दिलाने में पार्टी उनके साथ है। मृतक आश्रित परिवार को जमीन वापस दिलवाने तक संघर्ष करने का आश्वासन दिया। बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष नरेशचंद्र त्रिपाठी ने कहा कि उनकी कानूनी लड़ाई निशुल्क लड़ेंगे।