यूपी के फतेहपुर जिले में शहर के आबनूगर मोहल्ले में शनिवार तड़के बाइक सवार दो नकाबपोश हमलावरों ने किसान की गोली मारकर हत्या कर दी। आक्रोशित परिजनों ने शव पुराने जीटी रोड पर रखकर जाम लगाया। डेढ़ घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। हत्या के पीछे जमीन का विवाद बताया जा रहा है। मामले में पांच लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस तीन आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है। आरोपियों में पति-पत्नी और बेटा हैं।
आबूनगर मोहल्ले में सीओ सिटी ऑफिस रोड निवासी गया प्रसाद उर्फ पुत्तन यादव (65) बड़े काश्तकार थे। वह दो बार सभासद का चुनाव भी लड़ चुके थे। उनकी पुश्तैनी जमीन वीआईपी रोड इलाके में है। घर में पशुपालन का काम भी होता है। पत्नी कलावती ने बताया कि तड़के करीब साढ़े पांच बजे किसी ने मकान की कुंडी खटखटाई थी। पति घर के बाहर निकले, पर किसी के दरवाजे में न होने पर वह 50 कदम दूर बिजली पोल के पास पहुंचे। तभी हमलावरों ने उन्हें रोक लिया और सीने से तमंचा सटाकर गोली मार दी। घटना के समय मौके पर मौजूद पड़ोसी पप्पू ने बाइक सवारों पर ईंट से हमला किया। हमलावर सीओ सिटी दफ्तर की ओर भाग गए। इलाकाई लोग पुत्तन को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।