हरदोई में बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के अहमदापुर गांव में दो नशेबाज दोस्तों संग गांव में घूमने के बाद शनिवार को रात घर वापस लौटे किसान की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। आरोप है कि दोनों ने किसान को जमकर पीटा, जिससे जान गई। किसान के भाई की तहरीर पर पुलिस ने दोनों दोस्तों के खिलाफ गैरइरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की।
पोस्टमार्टम मेें मौत की वजह स्पष्ट न होने पर विसरा सुरक्षित रख लिया गया। अहमदापुर गांव निवासी बृजकिशोर (45) पुत्र घासीराम खेती किसानी करते थे। उनके भाई जागेश्वर के मुताबिक, भाई शराब के लती भी थे। शनिवार को दिन में घर से गांव के नितिन पुत्र तोताराम और अजय पाल के साथ निकले थे।
जागेश्वर ने बताया कि तोताराम और अजय भी शराब पीते हैं। आरोप लगाया कि शनिवार रात नितिन और अजय की किसी बात को लेकर बृजकिशोर से मारपीट हो गई। नशे में होने के कारण गंभीर रूप से घायल बृजकिशोर रात साढ़े नौ बजे घर लौटे और चारपाई पर लेट गए। बताया कि भाई बृजकिशोर उसकी बगल की चारपाई पर लेटे थे।
रात दो बजे जब वह उठा तो उनकी मौत हो चुकी थी। रात में गांव पहुंची पुलिस ने किसान के परिजनों से पूछताछ की और शव को कब्जे में ले लिया। किसान के परिवार में पत्नी शीला संग तीन बेटे और एक विवाहिता बेटी है। कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर अमरीत सिंह ने बताया कि किसान के भाई की तहरीर पर नितिन और अजय पाल के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है।