महोबा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम छिकहरा में खेत की रखवाली करने गए किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक, सीओ सदर व कोतवाली प्रभारी ने पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच जांच की। मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। हत्या से गांव में सनसनी का माहौल है। ग्राम छिकहरा निवासी हरपाल सिंह (52) पुत्र टुट्टी राजपूत के पास 25 बीघा भूमि थी। जिसमें खरीफ फसल के दौरान उसने उर्द व मूंग की फसल बोई थी। जिसकी रखवाली को लेकर किसान रात में खेत पर ही सोता था।
गांव में ही हरपाल सिंह की पुरानी रंजिश चलती थी। तीन दिन पहले दूसरे पक्ष से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। जिसको लेकर दबंग बौखला गए। गुरुवार की रात करीब 10 बजे किसान घर से खाना खाकर खेत के लिए निकला। रात में दबंगों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी।
सुबह जब परिजन खेत पहुंचे तो हरपाल का शव खून से लथपथ पड़ा था और एक गोली सीने में लगी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक स्वामीनाथ, सीओ सदर जटाशंकर राव, कोतवाली प्रभारी विपिन कुमार त्रिवेदी पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पहुंच गए और बरीकी से जांच की।
मृतक के पुत्र भूपेंद्र कुमार की तहरीर पर पुलिस ने जग्गू राजपूत, उसके पुत्र बृजगोपाल, जगमोहन व बृजनारायण पुत्र कंधीलाल निवासी ग्राम छिकहरा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कोतवाली प्रभारी विपिन कुमार त्रिवेदी का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।